मुजफ्फरनगर, 22 अगस्त 2026। थाना सिखेड़ा पुलिस ने ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान 4 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में दो अभियुक्त गोली लगने से घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर ट्रांसफार्मर चोरी के 5 मामलों का सफल अनावरण किया गया है।
पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान भिक्की भंडूर रोड से खेतों की ओर जाने वाले रास्ते पर संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। पुलिस के अनुसार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सलमान और जानू उर्फ जान मोहम्मद गोली लगने से घायल हो गए, जबकि वासिद और खुशनसीब को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अभियुक्तों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त
1. सलमान पुत्र शरीफ, निवासी ग्राम निराना, थाना सिखेड़ा — घायल
2. जानू उर्फ जान मोहम्मद पुत्र अली मोहम्मद, निवासी ग्राम निराना, थाना सिखेड़ा — घायल
3. वासिद पुत्र हकीमुद्दीन, निवासी ग्राम निराना, थाना सिखेड़ा
4. खुशनसीब पुत्र समीम, निवासी ग्राम निराना, थाना सिखेड़ा
बरामदगी
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से ट्रांसफार्मरों के अंदर से निकाला गया कीमती धातु संबंधी सामान से भरे 5 छोटे-बड़े बोरे, ट्रांसफार्मर खोलने के उपकरण एवं चाबी-पाने से भरा एक थैला, घटना में प्रयुक्त साइकिल तथा 2 अवैध तमंचे 315 बोर, 2 जिंदा और 2 खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
पूछताछ में कई चोरी की घटनाओं का खुलासा
पुलिस के अनुसार पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे ट्रांसफार्मरों को खोलकर उनके अंदर से तांबा, एल्यूमिनियम के तार, कॉइल, प्लेटी रॉड आदि निकालकर कबाड़ियों को बेचते थे और उससे मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे।
अभियुक्तों ने 21 अगस्त को भिक्की भंडूर स्थित विद्यालय के पास मुख्य रजवाहे की पटरी के किनारे से ट्रांसफार्मर तोड़कर सामान चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके अलावा करीब दो माह पूर्व कुतुबपुर और ताजपुर के जंगल, करीब एक माह पूर्व तेजलहेड़ा और खुड्डा के जंगल तथा करीब 4-5 दिन पूर्व ताजपुर के जंगल से ट्रांसफार्मर चोरी करने की घटनाओं का भी खुलासा किया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और उनके विस्तृत आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है। गिरफ्तारी एवं बरामदगी के संबंध में थाना सिखेड़ा पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप








