मुजफ्फरनगर, 22 अगस्त 2026। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में चल रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत मुजफ्फरनगर सदर विधानसभा क्षेत्र में कलश वंदन यात्रा निकाली गई। उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बीबीपुर, भंडूरा, शेरनगर, बिलासपुर एवं गांधीनगर (कूकड़ा) में आयोजित यात्रा में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के साथ सहभागिता की।
वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित संत गुरु रविदास जी महाराज के जन्मस्थल से प्रारंभ हुई यात्रा का मुजफ्फरनगर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। ग्राम बीबीपुर से शुरू हुई यात्रा रविदास मंदिर के बाद भंडूरा, शेरनगर और बिलासपुर होते हुए कूकड़ा पहुंची। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, भजन-कीर्तन और जयघोष के साथ यात्रा का स्वागत किया।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने विभिन्न स्थानों पर डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने संत गुरु रविदास जी के मंदिरों में दर्शन-पूजन कर पवित्र कलश स्थापित किए तथा उपस्थित लोगों के साथ सामाजिक समरसता को मजबूत करने और संत रविदास जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि कलश वंदन यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि संत गुरु रविदास जी के समानता, मानवता, प्रेम, सामाजिक न्याय और समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने जाति-पांति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर समाज को प्रेम, भाईचारे और समानता का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि सशक्त और विकसित समाज का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान, अवसर और सामाजिक न्याय मिले। संत रविदास जी के विचार सामाजिक एकता और राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला हैं।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अजय सागर, जिला महामंत्री अमित सुधा, जिला उपाध्यक्ष विशाल गर्ग, मंडल अध्यक्ष अमित शास्त्री, हरेंद्र पाल, सुशील गोयल, सुनील चौधरी, प्रधान रविंद्र पाल, दिनेश पाल, सारिका, प्रमोद, लवली गुर्जर, जितेंद्र कुच्छल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, संत समाज के प्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

अगले चरण में कलश वंदन यात्रा खादरवाला, कृष्णापुरी, दक्षिण कृष्णापुरी और प्रेमपुरी पहुंचेगी। यहां श्रद्धालुओं द्वारा यात्रा का स्वागत करते हुए संत गुरु रविदास जी के समरसता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया जाएगा।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप








