[aioseo_breadcrumbs]

मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए किया मोटिवेट

Share This Article

मुजफ्फरनगर, 21 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत डीएवी डिग्री कॉलेज में संचालित कोचिंग कक्षाओं में UPSC/UPPCS एवं NEET/IIT-JEE की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए मोटिवेशनल क्लास का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, उप जिलाधिकारी कृष्णकांत विश्वकर्मा एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी कमलेश कुमार ने छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन एवं प्रेरणात्मक उद्बोधन दिया।

जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य, नियमित अध्ययन, अनुशासन, निरंतर अभ्यास एवं सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखते हुए पूरी लगन और मेहनत के साथ लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

मुख्य विकास अधिकारी ने समय प्रबंधन एवं अध्ययन की प्रभावी रणनीति के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए पाठ्यक्रम की बेहतर समझ, नियमित रिवीजन, मॉक टेस्ट एवं विगत वर्षों के प्रश्नपत्रों का अभ्यास बेहद उपयोगी है।

उप जिलाधिकारी कृष्णकांत विश्वकर्मा ने विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के दौरान आने वाली चुनौतियों का धैर्य एवं आत्मविश्वास के साथ सामना करने तथा निरंतर प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया।

जिला समाज कल्याण अधिकारी कमलेश कुमार ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के उद्देश्यों तथा योजना के अंतर्गत उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क कोचिंग एवं मार्गदर्शन की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित होकर विषय विशेषज्ञों एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

इस दौरान छात्र-छात्राओं ने अधिकारियों से संवाद कर अपनी शैक्षणिक एवं परीक्षा संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में प्राचार्य डीएवी डिग्री कॉलेज योगेश त्यागी, शिक्षकगण एवं मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

Gold and Silver price

मौसम की जानकारी

Advertisement

Gold and Silver price

मौसम की जानकारी

Live Poll

[democracy id="1"]

Also Read This