मुजफ्फरनगर, 20 अगस्त। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसौली का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्वयं ओपीडी में मरीजों को देखा और उनका चिकित्सकीय परीक्षण किया।
हड्डी रोग विशेषज्ञ होने के कारण डॉ. तेवतिया ने विशेष रूप से हड्डी एवं जोड़ संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। बड़ी संख्या में मरीजों ने उनसे परामर्श लिया। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और उपचार के साथ जरूरी सावधानियों की जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने ओपीडी, चिकित्सकीय कक्ष, दवा वितरण व्यवस्था, साफ-सफाई और मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा उनके साथ संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिले के सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। स्वास्थ्य केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए जा रहे हैं।








