मुजफ्फरनगर, 20 अगस्त। उत्तर प्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के साइबर जागरूकता अभियान के तहत भारत विकास परिषद द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर, केशवपुरी में साइबर अपराध की रोकथाम एवं बाल सुरक्षा विषय पर जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने हिस्सा लिया



गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ और साइबर क्राइम थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों, बचाव के उपायों और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी।
इस दौरान ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया फ्रॉड, फेक प्रोफाइल, साइबर बुलिंग, OTP फ्रॉड, फिशिंग लिंक, APK फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन वित्तीय ठगी, ऑनलाइन ग्रूमिंग, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग, पहचान की चोरी और ऑनलाइन शोषण जैसे मामलों के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक अपराध ने बताया कि साइबर अपराधी सोशल मीडिया, ऑनलाइन गेमिंग और चैटिंग एप के जरिए बच्चों से संपर्क कर उनका विश्वास जीतने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे में किसी अनजान व्यक्ति के साथ निजी जानकारी, फोटो, वीडियो या लोकेशन साझा न करें। अनुचित संदेश, फोटो की मांग या धमकी मिलने पर तत्काल अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को जानकारी दें।
साइबर सुरक्षा के लिए जरूरी सावधानियां
– अज्ञात लिंक, QR कोड या मोबाइल एप डाउनलोड न करें।
– OTP, CVV, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें।
– सोशल मीडिया पर निजी जानकारी और फोटो साझा करते समय सावधानी बरतें।
– अनजान लोगों से ऑनलाइन बातचीत और मित्रता में सतर्क रहें।
– बच्चों को अनजान व्यक्तियों के साथ चैटिंग, वीडियो कॉल या निजी फोटो साझा करने से बचाएं।
– साइबर बुलिंग, ब्लैकमेलिंग या ऑनलाइन उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को सूचना दें।
– अभिभावक बच्चों के मोबाइल और इंटरनेट उपयोग पर उचित निगरानी रखें।
– साइबर अपराध होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
कार्यक्रम के अंत में भारत विकास परिषद और विद्यालय प्रशासन ने पुलिस विभाग का आभार जताया। साइबर थाना टीम ने कहा कि विद्यार्थियों और युवाओं को साइबर सुरक्षा तथा ऑनलाइन बाल संरक्षण के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी जारी रखने की बात कही गई।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप








