मुजफ्फरनगर – आर्य एकेडमी इंटरनेशनल स्कूल में विद्यार्थियों को भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा से परिचित कराने के उद्देश्य से स्पीक मैके के तत्वावधान में विशेष सितार वादन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सम्मानों से विभूषित प्रसिद्ध सितार वादक ध्रुव बेदी ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके साथ तबला वादक शंकर ज्योति शैक्या ने प्रभावशाली संगत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ राग अल्हैया बिलावल से हुआ। सितार और तबले की शानदार जुगलबंदी ने पूरे परिसर को शास्त्रीय संगीत की मधुर धुनों से भर दिया। इसके बाद राग खमाज, ‘रघुपति राघव राजा राम’ और ‘एकला चलो रे’ की धुनों को सितार पर बेहद खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया। दोनों कलाकारों की शानदार जुगलबंदी पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूँज उठा।


कार्यक्रम का समापन राग तिलक छाप की मनोहारी प्रस्तुति के साथ हुआ। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय शास्त्रीय संगीत की गहराई, सौंदर्य और भावपूर्ण अभिव्यक्ति से रूबरू कराया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं प्रबंधक ने दोनों कलाकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय कला एवं संस्कृति की महान विरासत से जोड़ने और संगीत के प्रति उनकी रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में कलाकारों को सम्मानित कर आभार व्यक्त किया गया।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप








