मुजफ्फरनगर, 19 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम योजना के अंतर्गत विकासखंड सदर में कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में 117 किसानों ने प्रतिभाग किया।
उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही ने किसानों को मिलेट्स यानी मोटे अनाज के स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी दी। डॉक्टर सतबीर सिंह सिरोही ने मिलेट्स की फसल का उत्पादन बढ़ाने के लिए तकनीकी जानकारी दी, जबकि कृषि विज्ञान केंद्र बघरा की डॉक्टर सविता आर्य ने मोटे अनाज की नवीन कृषि तकनीकों के बारे में किसानों को बताया।
पशुपालन विभाग से डॉक्टर शक्ति प्रताप ने पशुओं में होने वाली बीमारियों और बांझपन की रोकथाम के संबंध में आवश्यक सुझाव दिए। खंड विकास अधिकारी अक्सीर खान ने विकासखंड स्तर पर सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी किसानों को दी।
कृषि विभाग के ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी और किसानों को कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।








