मुजफ्फरनगर, 3 अगस्त – श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान मुजफ्फरनगर पुलिस ने मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए गर्भवती कांवड़िया की समय पर सहायता कर उसकी सुरक्षित डिलीवरी कराई। जिला अस्पताल में महिला ने दो स्वस्थ जुड़वा शिशुओं को जन्म दिया।



जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी नेहा हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा पर थीं। मुजफ्फरनगर पहुंचने पर उन्हें अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन एवं सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बिना देरी किए उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने तुरंत उपचार शुरू किया, जिसके बाद नेहा ने सुरक्षित रूप से दो जुड़वा शिशुओं को जन्म दिया। चिकित्सकों के अनुसार प्रसूता और दोनों नवजात पूरी तरह स्वस्थ हैं तथा चिकित्सकीय निगरानी में हैं।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने प्रसूता और दोनों नवजातों का हालचाल जाना, शुभकामनाएं दीं तथा उपहार भेंट कर उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना की।
मुजफ्फरनगर पुलिस ने कहा कि श्रावण मास कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और हरसंभव सहायता के लिए पुलिस लगातार मुस्तैद है, ताकि सभी श्रद्धालु अपनी यात्रा सुरक्षित और सकुशल पूरी कर सकें।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप








