मुजफ्फरनगर। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) का 72वां स्थापना दिवस गुरुवार को नई मंडी स्थित मुख्य डाकघर परिसर में उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में डाक विभाग, जिला सहकारी बैंक, रोडवेज, टिकौला शुगर मिल सहित विभिन्न विभागों के श्रमिकों, कर्मचारियों एवं ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला रहे।
मुख्य अतिथि विजय शुक्ला ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ ने पिछले 72 वर्षों में राष्ट्रहित, उद्योगहित और श्रमिकहित के मूल मंत्र पर चलते हुए देश के सबसे बड़े श्रमिक संगठन के रूप में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि संगठन ने बिना किसी राजनीतिक विभाजन के स्वतंत्र रूप से श्रमिकों के हितों की रक्षा का कार्य किया है।

संरक्षक के.के. शर्मा ने संगठन की स्थापना पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 23 जुलाई 1955 को भोपाल में स्वर्गीय दत्तोपंत ठेंगड़ी के मार्गदर्शन में भारतीय मजदूर संघ की स्थापना हुई थी। वहीं वरिष्ठ नेता हरिमोहन शर्मा ने कहा कि बिना संसाधनों से शुरू हुआ संगठन आज 7,000 से अधिक ट्रेड यूनियनों, 41 महासंघों और 2.5 करोड़ से अधिक सदस्यों के साथ देश का सबसे बड़ा श्रमिक संगठन बन चुका है।
विभाग प्रमुख सतीश कुमार ने बताया कि भारतीय मजदूर संघ आज 27 राज्यों में सक्रिय है और जिला व पंचायत स्तर तक संगठन का विस्तार हो चुका है। जिला मंत्री भूपेंद्र सिंह परिहार ने कहा कि बीएमएस ने वैचारिक संघर्ष में अन्य श्रमिक संगठनों को पीछे छोड़ते हुए देश की नंबर-एक ट्रेड यूनियन के रूप में अपनी पहचान स्थापित की है।
जिला उपमंत्री आदित्य आर्य ने संगठन को राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि भारतीय मजदूर संघ ने व्यक्ति निर्माण से लेकर राष्ट्र निर्माण तक का मार्ग प्रशस्त किया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए देवेंद्र राणा ने कहा कि श्रमिक हितों के मुद्दों पर भारतीय मजदूर संघ ने हमेशा स्वतंत्र और निर्भीक आवाज उठाई है तथा आवश्यकता पड़ने पर विभिन्न सरकारी नीतियों का भी विरोध किया है।
रोडवेज की पूनम देवी ने संगठन के दिवंगत कार्यकर्ताओं के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। आयोजनकर्ता भारत रत्न ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर के.के. शर्मा, हरिमोहन शर्मा, हेमेंद्र कुमार, अनुज शर्मा, हिमांशु जैन, ऋषिपाल, सुनील दत्त, लल्लन यादव, अक्षय कुमार, सुखपाल सिंह, संजीव कुमार, विजयपाल, रवींद्र कुमार, अवध किशोर, मनोज कुमार, उदय नारायण, अमित कुमार, सोहन सिंह, सिद्धार्थ, जगपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में ट्रेड यूनियन पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप








