मुजफ्फरनगर, 17 जुलाई 2026। कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, निर्विघ्न एवं दुर्घटनामुक्त संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने थाना पुरकाजी क्षेत्र स्थित कांवड़ यात्रा मार्ग का भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) एवं पुलिस अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कांवड़ मार्ग पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूरी तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी अमृत जैन ने यात्रा मार्ग पर चल रहे शिवभक्त कांवड़ियों से बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने श्रद्धालुओं को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा एवं सुविधा के लिए पूरे कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी की जा रही है।
उन्होंने कांवड़ियों से अपील की कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति होने पर तत्काल निकटतम पुलिसकर्मी अथवा पुलिस सहायता केंद्र को सूचना दें। साथ ही यातायात नियमों का पालन करें, प्रशासन के दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें और ऐसा कोई कार्य न करें जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित हो।
अंत में एसपी सिटी ने सभी शिवभक्तों को सुरक्षित, अनुशासित एवं मंगलमय कांवड़ यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप








