मुजफ्फरनगर, 17 जुलाई 2026। शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को डायरिया से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर से डायरिया जागरूकता प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने संयुक्त रूप से प्रचार वाहनों को रवाना किया। इस दौरान जनजागरूकता रैली निकालकर लोगों को डायरिया से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य समाज की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल और सही जानकारी को डायरिया से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम बताते हुए नागरिकों से साफ-सफाई की आदतों को अपनाने की अपील की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि जनपद में डायरिया रोको अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसमें पीएसआई इंडिया एवं केनव्यू के सहयोग से “डायरिया से डर नहीं” कार्यक्रम चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य बच्चों में डायरिया की रोकथाम, ओआरएस और जिंक के उपयोग को बढ़ावा देना तथा समुदाय में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना है।
उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में दूषित पानी, गंदे हाथों से भोजन बनाने या बच्चों को खिलाने, खुले में शौच तथा बच्चों के मल का सुरक्षित निस्तारण न होने से डायरिया का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में शौच के बाद, बच्चों का मल साफ करने के बाद तथा भोजन बनाने और बच्चे को खिलाने से पहले साबुन और स्वच्छ पानी से हाथ धोना बेहद जरूरी है।
सीएमओ ने अपील की कि यदि किसी बच्चे को एक दिन में तीन या उससे अधिक बार पतले दस्त हों, तो उसे तुरंत ओआरएस का घोल दें, उम्र के अनुसार जिंक की गोलियां दें तथा आवश्यकता पड़ने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें।
कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. अलका सिंह, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. गीतांजलि वर्मा, पीएसआई इंडिया के प्रतिनिधि सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप








