राष्ट्रीय

Prajatantra: मंडल बनाम कमंडल पर होगा 2024 का चुनाव! Caste Census से किसका फायदा

Prajatantra: मंडल बनाम कमंडल पर होगा 2024 का चुनाव! Caste Census से किसका फायदा

Prajatantra: मंडल बनाम कमंडल पर होगा 2024 का चुनाव! Caste Census से किसका फायदा
बिहार सरकार ने सभी जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में जाति-आधारित सर्वेक्षण कराने की प्रक्रिया फिर से शुरू करने का निर्देश दिया है। यह निर्णय पटना उच्च न्यायालय द्वारा सर्वेक्षण को चुनौती देने वाली सभी रिट याचिकाओं को खारिज करने के बाद आया है, जिससे इसके जारी रहने का रास्ता साफ हो गया है। बिहार में जाति सर्वेक्षण इस साल 7 जनवरी को शुरू हुआ, जिसे मई के अंत तक खत्म करने का लक्ष्य रखा गया है। हालाँकि, 4 मई को पटना उच्च न्यायालय के एक अंतरिम आदेश के बाद सर्वेक्षण को अस्थायी रूप से रोक दिया गया था, जिसने राज्य सरकार को पहले से एकत्र किए गए डेटा को संरक्षित करने का निर्देश दिया था। सर्वेक्षण फिर से शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

मंडल बनाम कमंडल
हालाँकि, जाति सर्वेक्षण से बिहार में ‘मंडल बनाम कमंडल’ की राजनीति फिर से शुरू हो सकती है, जो 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्य में बड़े पैमाने पर खेल कर सकती है। भाजपा और महागठबंधन दोनों ही राजनीतिक लाभ के लिए जाति गणना डेटा का उपयोग कर सकते हैं। जद (यू), राजद और भाजपा ने जाति-आधारित सर्वेक्षण पर अदालत के आदेश का स्वागत किया। इस फैसले से 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले राज्य में मंडल बनाम कमंडल (पिछड़ा बनाम अगड़ा) की राजनीति फिर से शुरू हो सकती है। 2024 चुनाव को लेकर भाजपा हिंदुत्व की राह पर आगे बढ़ने की कोशिश कर रही है। राम मंदिर मुद्दा और समान नागरिक संहिता उसके एजेंडे में है। भाजपा 2024 में राम मंदिर निर्माण को अपनी उपलब्धि बताएगी साथी साथ यूसीसी के मुद्दे पर हिंदुत्व वोट को एकजुट करने की कोशिश भी होगी। इसी को काटने की कोशिश की कवायद विपक्षी दलों की ओर से की जा रही है। विपक्षी दलों की ओर से जातीय जनगणना का एक बड़ा कार्ड खेला गया है। इसे 90 के दौर से भी जोड़ा जा सकता है। जब लालकृष्ण आडवाणी ने रथयात्रा वाला दांव खेला था लेकिन हिंदुत्व वाले प्रभाव को कम करने के लिए वीपी सिंह ने तब मंडल कमीशन की रिपोर्ट लागू कर दी थी। हालांकि, यह बात भी सच है कि कभी भाजपा को बनिया और ब्राह्मणों की पार्टी कही जाने वाली भाजपा नरेंद्र मोदी और अमित शाह के उदय के बाद ओबीसी और दलित वोट बैंक पर भी अपनी पकड़ मजबूत की है। इसलिए मौजूदा दौर 90 के दौर से अलग है।

बीजेपी का सधा हुआ सुर
बीजेपी ने पटना हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत किया। साथ ही साथ कई सवाल भी खड़े कर दिया। भाजपा ने कहा कि जातिगत सर्वे से हमें कोई दिक्कत नहीं। लेकिन सवाल यह है कि क्या प्रदेश में इससे कानून-व्यवस्था की स्थिति सुधरेगी? भ्रष्टाचार पर नियंत्रण लगेगा? इसके साथ ही भाजपा ने यह भी कहा है कि अगर सरकार की मंशा सही है तो रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाना चाहिए और गरीबों के लिए नीतियां बनाई जानी चाहिए। भाजपा का आरोप है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली महागठबंधन सरकार की मंशा जातिगत सर्वे के जरिए समाज को बांटना है। भाजपा के सुशील मोदी ने यह भी दावा किया था कि हमारी सरकार रहने के दौरान ही इस पर फैसला हुआ था।

नीतीश का बढ़ेगा कद
दरअसल, राजनीतिक दृष्टिकोण से बिहार काफी महत्वपूर्ण राज्य है वहां लोकसभा की 40 सीटें हैं। जातिगत सर्वेक्षण के बाद नीतीश कुमार का विपक्षी दलों के बीच कद बढ़ सकता है। लगातार गठबंधन बदलने वाले नीतीश कुमार की इमेज अस्थिर नेता की बन गई है। फिलहाल नीतीश कुमार की ओर से स्थिरता की कोशिश की जा रही है। ऐसे में जातिगत सर्वे उनके लिए संजीवनी साबित हो सकता है। नीतीश कुमार विपक्षी दलों के बीच कद बढ़ेगा। वह खुद ओबीसी समाज से आते हैं। ऐसे में उनके सहारे बाकी के विपक्षी नेता भाजपा को घेरने की कोशिश करेंगे। इसके अलावा अगर बिहार में यह पूरा हो जाता है तो ओडिशा, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु जैसे कई राज्यों में जातिगत सर्वे का मामला सामने आ सकता है। संभावना है कि नीतीश अब राष्ट्रीय स्तर पर जाति जनगणना की मांग उठाएंगे और बीजेपी को घेरेंगे।

जातीय जनगणना को लेकर बिहार कहीं ना कहीं विपक्षी दलों का मार्गदर्शन करता हुआ दिखाई दे रहा है। इंडिया गठबंधन के कई नेता लगातार जातीय गणना की मांग करते रहे हैं। खुद राहुल गांधी ने भी इसका समर्थन किया है। हालांकि इस बात में कोई दो राय नहीं है कि यह सर्वेक्षण सिर्फ और सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए है दावे चाहे जो भी हो रहे दो। भाजपा और महागठबंधन दोनों ही अपने उम्मीदवार इसी रिपोर्ट के आधार पर तय करेंगे। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि इसका फायदा जनता को होता है या फिर राजनीतिक दल को। लेकिन इतना तो तय है कि चुनाव में से मुद्दा बनाया जाएगा और इसी के आधार पर जनता को साधने की कोशिश की जाएगी। यही तो प्रजातंत्र है।

IMG-20250402-WA0032

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!