क्षेत्रीय पार्टी को नष्ट करना आसान नहीं’, राष्ट्रीय दलों पर तंज कसते हुए पूर्व PM बोले- वे कांप रहे हैं
क्षेत्रीय पार्टी को नष्ट करना आसान नहीं', राष्ट्रीय दलों पर तंज कसते हुए पूर्व PM बोले- वे कांप रहे हैं

2024 चुनाव को लेकर क्षेत्रीय दलों ने अपनी ताकत लगानी शुरू कर दी है। राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्रीय दल अलग-अलग गठबंधन की कवायद में जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा की पार्टी जनता दल (सेकुलर) भी लगातार गठबंधन की कोशिश कर रही है। इन सब के बीच जनता दल (सेकुलर) की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक गुरुवार को शुरू हुई। माना जा रहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा एक बार फिर से पार्टी के अध्यक्ष चुने जा सकते हैं। वहीं, क्षेत्रीय राजनीतिक दलों के संदर्भ में एचडी देवेगौड़ा ने आज एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि क्षेत्रीय पार्टी को नष्ट करना आसान नहीं है।
इसे भी पढ़ें: कर्नाटक कांग्रेस और जेडीएस ने तेलंगाना प्रकरण को लेकर बीजेपी पर साधा निशाना, ‘ऑपरेशन लोटस’ को बताया कोरोना से भी ज्यादा खतरनाक
अपने बयान में एचडी देवगौड़ा ने कहा कि राष्ट्रीय राजनीतिक दल क्षेत्रीय राजनीतिक दल से इतने डरे हुए क्यों हैं? इससे ही पता चलता है कि वे कांप रहे हैं। उन्होंने कहा कि न केवल कर्नाटक में बल्कि पूरे देश में एक क्षेत्रीय पार्टी को नष्ट करना आसान नहीं है। माना जा रहा है कि एचडी देवगौड़ा ने बिना नाम लिए भाजपा पर निशाना साधा है। विपक्ष लगातार भाजपा पर क्षेत्रीय दलों को खत्म करने का आरोप लगाता रहा है। जनता दल सेकुलर कर्नाटक की राजनीति में अच्छी पकड़ रखती है। एचडी देवगौड़ा के बेटे एचडी कुमारस्वामी कर्नाटक के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। कर्नाटक में गठबंधन की राजनीति में जेडीएस की भूमिका काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है। अगले साल कर्नाटक में होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए जेडीएस अपनी ताकत को मजबूत करने की कोशिश में है।
इसे भी पढ़ें: कर्नाटक में यात्रा के अंतिम दिन राहुल ने राज्य के साथ पारिवारिक संबंधों को याद किया
जेडीएस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में कई बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। माना जा रहा है कि 2024 चुनाव को लेकर भी कोई बड़ा घोषणा हो सकता है। हाल में ही जेडीएस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी तेलंगाना दौरे पर गए थे। उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव से मुलाकात की थी। इसके बाद से दोनों ही पार्टियों में गठबंधन को लेकर संभावनाएं भी तलाशी जा रही है। कर्नाटक में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की सूची भी जेडीएस की ओर से जल्द ही जारी की जा सकती है। खबर के मुताबिक जनता दल (सेकुलर) कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए अपने 90 से 100 उम्मीदवारों की पहली सूची एक नवंबर को जारी करेगा।