जमानत पर छूटे रेप के आरोपी ने दोबारा उसी लड़की से किया दुष्कर्म, गिरफ्तार
जमानत पर छूटे रेप के आरोपी ने दोबारा उसी लड़की से किया दुष्कर्म, गिरफ्तार

मध्यप्रदेश में रीवा जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र से दुष्कर्म का बहुत ही हैरान करने वाला एक मामला सामने आया है। मामले को सही तरीके से जान समझकर आप भी बोलेंगे कि वाकई आरोपियों में कानून का कोई खौफ नहीं बचा है।
रीवा जिले में रेप के मामले में जमानत पर छूटे आरोपी ने पीड़िता के साथ दोबारा दुष्कर्म किया है। हालांकि, पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्जकर आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बता दें कि दुष्कर्म की घटना जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र की है। जहां पूर्व में थाने में पुलिस ने दुष्कर्म की धाराओं के साथ मामला दर्जकर आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया और जेल भेज दिया था। हालांकि, बाद में फिर उसे जमानत मिल गई।
जमानत के बाद जब आरोपी युवक अपने घर वापस आया तो फिर पीड़िता को परेशान करना शुरू कर दिया। किसी काम को लेकर पीड़िता जब अपने घर से जब बाहर निकली तो आरोपी ने उसे रोक लिया। पी़ड़िता ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। वह जबरन पीड़िता को मंदिर के पीछे ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
जान बचाकर भागी पीड़िता जब अपनी घर पहुंची तो परिजनों को सारी बात बताई। परिजनों को जानकारी मिलने के बाद परिजन किशोरी को लेकर थाने पहुंचे और आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया। फिलहाल, आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया है।