हिंदुस्तान लाइव टुडे | मुजफ्फरनगर
मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना पुलिस ने सोलर पावर प्लांट से तार चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 39.9 किलोग्राम जला हुआ कॉपर तार और 65.7 किलोग्राम बिना जला हुआ एल्युमिनियम/कॉपर तार बरामद किया है। बरामद तार का कुल वजन 105.6 किलोग्राम है।
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को RVG GREEN ENERGY PRIVATE LIMITED के निदेशक की शिकायत पर सोलर पावर प्लांट से डीसी सोलर केबल चोरी होने के मामले में चरथावल थाने पर मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने 24 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर लुहारी रोड स्थित श्मशान के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
मजदूरी और देखरेख की आड़ में चोरी
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे सोलर पावर प्लांट में मजदूरी और देखरेख का काम करते थे तथा रात में वहीं सोते थे। इसी दौरान वे धीरे-धीरे तार काटकर बंडल बनाते और पास के खेत में छिपा देते थे। बाद में तार की प्लास्टिक जलाकर कॉपर निकालते और उसे राह चलते लोगों को बेच देते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 17 सितंबर को मिलकर तार चोरी करने की बात स्वीकार की है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने विपिन, गुड्डू, रिषी और बबलू को गिरफ्तार किया है। चारों मुजफ्फरनगर के चरथावल कस्बे के निवासी हैं।
इस मामले में थाना चरथावल पर दर्ज मुकदमे में धारा 305ए के साथ धारा 317(2) और 3(5) बीएनएस भी शामिल हैं। पुलिस आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

