सिविल लाइन पुलिस ने वांछित तस्कर को दबोचा, बलैनो कार और ₹3,900 नकद भी बरामद
मुजफ्फरनगर, 28 अगस्त। ऑपरेशन सवेरा के तहत थाना सिविल लाइन पुलिस ने नशीली दवाइयों की तस्करी करने वाले गिरोह के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1,44,000 ट्रामाडोल नशीले कैप्सूल और 1,20,000 एल्प्राजोलम नशीली गोलियां, कुल 2,64,000 नशीली दवाएं, बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान जुफैन उर्फ नबाब (26) निवासी मदरसा चौधरियान, मीरारेती, थाना गढ़मुक्तेश्वर, जनपद हापुड़ के रूप में हुई है। उसके पास से तस्करी में प्रयुक्त बलैनो कार (UP-14-CV-2325) और 3,900 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक 26 अगस्त को इसी मामले में तीन आरोपियों जुनैद, दीपक और कलीम को गिरफ्तार किया गया था। उनके कब्जे से 72,000 नशीले कैप्सूल, 549 नशीले इंजेक्शन और तस्करी में प्रयुक्त बलैनो कार बरामद हुई थी। इस संबंध में थाना सिविल लाइन में मुकदमा संख्या 224/26, धारा 8/21/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अमरोहा के एक दवा विक्रेता से अनाधिकृत नशीली दवाएं खरीदकर अपने साथियों को सप्लाई करता था। इन दवाओं को मांग के अनुसार ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध आर्थिक लाभ कमाया जाता था।
पुलिस ने बताया कि गिरोह के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच जारी है और नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप








