मुजफ्फरनगर, 22 अगस्त 2026। थाना मंसूरपुर पुलिस ने अम्बा शक्ति स्टील फैक्ट्री से कॉपर केबिल चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक घायल समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 2.70 लाख रुपये नगद, चोरी किए गए 8 बंडल कॉपर केबिल और घटना में प्रयुक्त हुंडई औरा कार सहित अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।
24 जून 2026 को अम्बा शक्ति स्टील फैक्ट्री से कॉपर केबिल चोरी किए जाने के संबंध में थाना मंसूरपुर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमें गठित की गई थीं।
22 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल बदमाश सफेद रंग की हुंडई औरा कार से दोबारा वारदात की फिराक में आ रहे हैं। पुलिस ने बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज के पास जीओ पेट्रोल पंप के सामने चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद संदिग्ध कार दिखाई दी, जिसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन कार सवार भागने लगे।
पुलिस के अनुसार पीछा करने पर कार कच्चे रास्ते में कीचड़ में फंस गई। इसके बाद कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर जंगल की ओर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में मौसीन गोली लगने से घायल हो गया, जबकि अन्य बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस टीम ने घायल मौसीन को मौके से तथा दो अन्य आरोपियों आसिफ और मुस्तफा को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
1. मौसीन पुत्र अल्लाह मेहर, निवासी काठा, थाना कोतवाली, जनपद बागपत — घायल
2. आसिफ पुत्र दिलशाद, निवासी मोहल्ला मुगलपुरा, कस्बा एवं थाना कोतवाली, जनपद बागपत
3. मुस्तफा पुत्र इसामुद्दीन, निवासी ग्राम काठा, थाना कोतवाली, जनपद बागपत
बरामदगी
– 8 बंडल कॉपर केबिल, कीमत करीब 2.24 लाख रुपये
– 2.70 लाख रुपये नगद
– घटना में प्रयुक्त हुंडई औरा कार
– 315 बोर का एक तमंचा
– एक जिंदा और एक खोखा कारतूस
पुलिस के अनुसार बरामद कॉपर केबिल 24 जून को अम्बा शक्ति स्टील फैक्ट्री से चोरी किए गए माल से संबंधित है। मामले में आरोपियों के विस्तृत आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप








