मुजफ्फरनगर, 22 अगस्त 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने थाना सिविल लाइन का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान थाना परिसर, कार्यालय, हवालात, बैरक, महिला हेल्प डेस्क सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी ने थाने के अभिलेखों एवं विभिन्न रजिस्टरों का अवलोकन करते हुए लंबित विवेचनाओं, प्रार्थना पत्रों और अभियोगों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने लंबित मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने तथा विवेचनाओं में अनावश्यक देरी न करने के निर्देश दिए।
महिला हेल्प डेस्क की भी ली जानकारी
महिला हेल्प डेस्क के निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित शिकायतों की जानकारी ली। उन्होंने महिला संबंधी मामलों में तत्काल संज्ञान लेकर संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई करने तथा महिला हेल्प डेस्क को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
फरियादियों की समस्याएं सुनीं
एसएसपी ने थाने पहुंचे फरियादियों की समस्याएं स्वयं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने फरियादियों के साथ सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार करने तथा शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने पर जोर दिया।
इसके अलावा माल मुकदमाती एवं मालखाने का निरीक्षण कर लंबित माल की स्थिति की जानकारी ली गई। न्यायालय से संबंधित प्रक्रिया पूर्ण कर चुके माल का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण करने तथा मालखाने में अभिलेखों और माल का व्यवस्थित रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए क्षेत्र में प्रभावी गश्त एवं सतर्कता बनाए रखने, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण और अपराध की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने थाना परिसर में साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने तथा पुलिसकर्मियों को अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ ड्यूटी का निर्वहन करने के लिए निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइन इन्द्रजीत सिंह सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप








