मुजफ्फरनगर – थाना कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने व्यापारी से 13 लाख रुपये की ठगी का सफल खुलासा करते हुए राजस्थान के तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी के 13 लाख रुपये नकद तथा 15 लाख रुपये के फर्जी नोट बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, नॉर्थ सिविल लाइन निवासी व्यापारी संदीप कुच्छल से आरोपियों ने खुद को कमीशन पर नकदी पहुंचाने वाला बताकर पहले छोटे लेन-देन के जरिए विश्वास जीता। बाद में 15 लाख रुपये भेजने के नाम पर गड्डियों में ऊपर-नीचे असली 500 के नोट और बीच में सफेद कागज रखकर धोखाधड़ी की गई तथा व्यापारी से 13 लाख रुपये हड़प लिए गए।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कोतवाली नगर पुलिस व एसओजी ने आरोपियों का राजस्थान तक पीछा किया और शुक्रवार को न्याजूपुरा स्थित न्यू गुडलक पैलेस के पास से तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
बृह्मदेव (श्रीगंगानगर, राजस्थान)
श्रीराम उर्फ सुनील (बीकानेर, राजस्थान)
प्रदीप (बीकानेर, राजस्थान)

पूछताछ में आरोपियों ने फर्जी आईडी पर सिम लेकर ‘आर.के. शर्मा’ बनकर व्हाट्सएप के माध्यम से व्यापारी से संपर्क करने और विश्वास जीतने के बाद ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
इस सराहनीय कार्य पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस टीम को ₹25,000 का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप








