मुजफ्फरनगर – मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और झोलाछाप क्लीनिकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार के नेतृत्व में बघरा स्थित शामली रोड पर सिटी हॉस्पिटल और कांशीराम आवासीय कॉलोनी स्थित आरोग्यम क्लीनिक पर छापेमारी कर दोनों संस्थानों को सील कर दिया गया।
जांच में सामने आया कि सिटी हॉस्पिटल केवल यूनानी ओपीडी संचालन के लिए पंजीकृत था, लेकिन वहां अवैध रूप से 11 बेड का अस्पताल, ऑपरेशन थिएटर (ओटी) और एनआईसीयू जैसी सुविधाएं संचालित की जा रही थीं। नियमों के उल्लंघन पर अस्पताल को तत्काल सील कर संचालक को नोटिस जारी किया गया है।
वहीं आरोग्यम क्लीनिक पर छापेमारी के दौरान संचालक मौके पर नहीं मिला। निरीक्षण में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी दवाइयां, खुले इंजेक्शन, सुइयां और अन्य चिकित्सीय सामग्री बरामद हुई। क्लीनिक को भी तत्काल सील कर आपत्तिजनक सामग्री जब्त कर ली गई।

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध अस्पतालों और झोलाछाप चिकित्सकों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप








