लखनऊ में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने पुलिस के साथ संयुक्त छापेमारी कर नकली दवाओं के संगठित नेटवर्क का खुलासा किया। कार्रवाई का नेतृत्व स्वयं FSDA आयुक्त रोशन जैकब ने किया।
अमीनाबाद स्थित एक अवैध गोदाम से भारी मात्रा में नकली एलोपैथिक दवाएं बरामद हुईं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये बताई जा रही है। जांच में दवाओं के लेबल पर गंभीर प्रिंटिंग और स्पेलिंग की गलतियां मिलीं, जबकि गोदाम से कोई वैध लाइसेंस या खरीद-बिक्री के बिल भी नहीं मिले।
मुख्य आरोपी भूपेंद्र शर्मा समेत 7 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच में राजस्थान से दवाओं की सप्लाई और NDPS श्रेणी की दवाओं के अवैध भंडारण का भी खुलासा हुआ है।
FSDA ने 27 संदिग्ध दवाओं के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं, जबकि शेष दवाओं को सील कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में बिना बिल सस्ती दवाएं खरीदकर उन्हें बाजार में बेचने के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप









