
मुजफ्फरनगर – जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस का ‘ऑपरेशन चक्रवात’ अभियान जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत 234 ऐसे व्यक्तियों का सत्यापन किया गया, जो पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं।
31 अक्टूबर 2026 को नगर जोन के थाना सिविल लाइन, खतौली, चरथावल और छपार/सिखेड़ा में संबंधित व्यक्तियों को थाने बुलाकर उनका सत्यापन किया गया। इस दौरान उनकी वर्तमान गतिविधियों और अन्य आवश्यक जानकारियों को जुटाते हुए यक्ष एप पर डोजियर भरे गए तथा व्यवस्थित डाटाबेस तैयार किया गया।
पुलिस का उद्देश्य इन व्यक्तियों की गतिविधियों पर निगरानी रखना, अपराध की पुनरावृत्ति रोकना और जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना है। सत्यापन के दौरान सभी को भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल न होने की सख्त हिदायत दी गई। साथ ही कानून का पालन करने और एक अच्छे एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में जीवन जीने की शपथ भी दिलाई गई।
पुलिस के अनुसार, ‘ऑपरेशन चक्रवात’ के जरिए अपराधियों पर निगरानी बढ़ाने और आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना मजबूत करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

