
मुजफ्फरनगर, 21 अक्टूबर – जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बुधवार को नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने भरतीया कॉलोनी स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा गांधी नगर, आदर्श कॉलोनी और सुजडू चुंगी स्थित नगरीय आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले मरीजों को समय से उपचार मिले और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए। उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।
डॉ. तेवतिया ने स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वच्छता बनाए रखने, मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने और चिकित्सा सेवाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है।
सीएमओ ने स्वास्थ्यकर्मियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करने और मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार के लिए सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय से कार्य करें।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

