मुजफ्फरनगर,
18 अक्टूबर 2026 – पुरकाजी थाना क्षेत्र के ग्राम हरैटी में रोहन राठी हत्याकांड की जांच तेज हो गई है। रविवार को विशेष अन्वेषण दल (एसआईटी) ने मेडिकोलीगल और साइबर टीम के साथ घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने और वारदात के घटनाक्रम की कड़ियों को स्पष्ट करने के लिए सीन रिक्रिएशन कराया गया।
पुलिस के अनुसार, 23/24 सितंबर 2026 की रात ग्राम हरैटी से बाईपास मार्ग पर बंबे के पास अज्ञात हमलावरों ने रोहन राठी पुत्र विवेक राठी की हत्या कर दी थी। मामले में थाना पुरकाजी पर मुकदमा संख्या 154/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं।
**मुठभेड़ में गिरफ्तार हुए थे दो आरोपी**
विवेचना के दौरान पुलिस ने नाजिम निवासी संगीपुर, थाना लक्सर, जनपद हरिद्वार और सावेज निवासी जहीरपुर, थाना देवबंद, जनपद सहारनपुर के नाम सामने आने की जानकारी दी थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को 25 सितंबर 2026 को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरनगर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन के नेतृत्व में विशेष अन्वेषण दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। अब एसआईटी, मेडिकोलीगल और साइबर टीम संयुक्त रूप से साक्ष्यों के संकलन और वैज्ञानिक परीक्षण से जुड़ी कार्रवाई कर रही हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्य जुटाने और विवेचनात्मक कार्रवाई नियमानुसार जारी है। जांच के जरिए घटनाक्रम से जुड़ी कड़ियों को स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़
चैनल
**अमरदीप**

