
मुजफ्फरनगर – मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित लोगों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत मुजफ्फरनगर जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर 17 अक्टूबर और 24 अक्टूबर 2026 को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश मिश्रा ने इस संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्षों, सचिवों और प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों निर्धारित तिथियों पर सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहेंगे।
मतदाता बनने के लिए साथ ले जाएं ये दस्तावेज
विशेष कैंप में नाम दर्ज कराने के इच्छुक पात्र नागरिकों को अपनी नवीनतम फोटो, जन्मतिथि और निवास से संबंधित अभिलेखों की स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां लेकर पहुंचना होगा। यदि परिवार के किसी सदस्य का मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी) नंबर उपलब्ध है, तो उसे भी साथ ले जाना उपयोगी होगा।
बीएलओ के पास नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 और 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली उपलब्ध रहेगी। पात्र नागरिक संबंधित बूथ पर पहुंचकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
मतदेय स्थलों के पुनर्गठन की प्रक्रिया भी होगी पूरी
जिलाधिकारी ने बताया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदेय स्थलों के विभाजन एवं पुनर्व्यवस्थापन से संबंधित कार्यवाही 2 नवंबर 2026 तक पूरी की जानी है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मतदेय स्थलों की प्रारूप सूची 19 अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी। इस संबंध में 26 अक्टूबर तक प्राप्त सुझावों और शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को मतदेय स्थलों के प्रस्ताव अनुमोदन के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजे जाएंगे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी देश दीपक सिंह, उप जिलाधिकारी, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्ष, सचिव एवं प्रतिनिधि तथा जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

