
मुजफ्फरनगर – महिला एवं बाल सुरक्षा को मजबूत बनाने, मानव तस्करी पर रोक लगाने और मिशन शक्ति अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने शुक्रवार को मासिक गोष्ठी आयोजित की। इसमें एएचटीयू टीम, सभी थानों के बाल कल्याण अधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
गोष्ठी में बाल सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों और संबंधित मामलों में की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। इन्दु सिद्धार्थ ने अधिकारियों को पॉक्सो एक्ट, किशोर न्याय अधिनियम (जेजे एक्ट), बाल अपचारियों, बाल श्रम, भिक्षावृत्ति, मानव तस्करी, कोटपा एक्ट और मिशन शक्ति अभियान के तहत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में साइबर टिपलाइन, बाल विवाह की रोकथाम और बच्चों से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई के साथ विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
गोष्ठी में अभियोजन अधिकारी प्रवीण तिवारी, सीडब्ल्यूसी सदस्य संदीप कुमार, चाइल्ड लाइन से सचिन कुमार, वन स्टॉप सेंटर से पूजा नरौला, श्रम विभाग से संदीप कुमार, सीएमओ कार्यालय से डॉ. अर्पण जैन, फॉरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. अजय सहित एएचटीयू टीम और जनपद के सभी थानों के बाल कल्याण अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

