
मुजफ्फरनगर – भौराकलां थाना क्षेत्र के गांव भौराकलां स्थित शिव मंदिर के पुजारी स्वामी देवानंद भारती की हत्या के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान जीशान और उसके पिता हाशिम निवासी गांव व थाना भौराकलां के रूप में हुई है। उनके कब्जे से दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त ग्लैमर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर 2026 को शिव मंदिर के पुजारी स्वामी देवानंद भारती की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया था। भौराकलां पुलिस ने एसओजी, तितावी और फुगाना पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए 15 अक्टूबर को शिकारपुर रोड स्थित सिसौली मोड़ चौराहे से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
भविष्यवाणी को लेकर विवाद की बात आई सामने
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पुजारी ने उन्हें बेटा होने की भविष्यवाणी की थी, जो गलत साबित हुई। इसी बात को लेकर उनका विवाद हुआ था। इसके अलावा उनका पड़ोसी हरेंद्र से भी विवाद था। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने हत्या के मामले में हरेंद्र को फंसाने की साजिश रची थी। इसके लिए उन्होंने हरेंद्र की व्हाट्सऐप डीपी पर लगी तस्वीर से पासपोर्ट साइज फोटो बनवाए और हत्या के बाद उन तस्वीरों को घटनास्थल पर डाल दिया।
यक्ष ऐप से मिली तकनीकी मदद
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में यक्ष ऐप के माध्यम से प्राप्त तकनीकी सहायता एवं सूचनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी फुगाना नरेंद्र सिंह यादव तथा थाना भौराकलां प्रभारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में संबंधित थानों की पुलिस और एसओजी टीम शामिल रही।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

