
मुजफ्फरनगर – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने 15 अक्टूबर की देर रात रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध गोष्ठी आयोजित कर जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान लंबित अभियोगों के निस्तारण, आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
गोष्ठी में एसपी सिटी अमृत जैन, एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, एसपी अपराध इंदु सिद्धार्थ, एसपी यातायात अतुल कुमार चौबे सहित समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना व शाखा प्रभारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
साइबर अपराध और मीडिया प्रबंधन पर विशेष जोर
एसएसपी ने महत्वपूर्ण घटनाओं पर पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी घटना की सूचना मिलने पर तत्काल तथ्य जुटाकर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए और मीडिया के माध्यम से केवल सही एवं प्रमाणित जानकारी ही साझा की जाए। साइबर अपराधों की शिकायतों पर शीघ्र कार्रवाई कर पीड़ितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।
गैंगचार्ट और गैंगस्टर एक्ट के मामलों की समीक्षा
प्रस्तावित गैंगचार्टों की समीक्षा करते हुए थाना प्रभारियों को संबंधित मामलों में विधिक प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि थाना प्रभारी स्वयं आवश्यक अभिलेखों और तथ्यों की जांच सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो।
गैंगस्टर एक्ट के तहत धारा 14(1) में प्रस्तावित कार्रवाई वाले मामलों की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को अभियुक्तों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों और उनसे जुड़े अभिलेखों का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई के प्रस्ताव समय से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
त्योहारों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश
आगामी पर्व-त्योहारों और विभिन्न विवादों को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील स्थानों तथा विवादित मामलों को चिह्नित करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों से स्थानीय स्तर पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाने तथा छोटी से छोटी सूचना को गंभीरता से लेकर समय रहते आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा।
आईजीआरएस शिकायतों का हो गुणवत्तापूर्ण निस्तारण
गोष्ठी में आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान किया जाए। अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग और निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही यक्ष ऐप, एसआईडी, ई-साक्ष्य और ई-समन के उपयोग तथा इनके माध्यम से की जा रही कार्रवाई की प्रगति की समीक्षा की गई। एसएसपी ने डिजिटल व्यवस्थाओं का प्रभावी एवं नियमित उपयोग करने पर जोर दिया, जिससे पुलिस कार्रवाई में पारदर्शिता और समयबद्धता बढ़ाई जा सके।
लंबित विवेचनाओं और न्यायालयों में प्रभावी पैरवी पर जोर
न्यायालयों में साक्षियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने और अभियोजन पक्ष के साथ समन्वय बनाकर लंबित मामलों में प्रभावी पैरवी करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा 60 और 90 दिन की विवेचनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए थाना प्रभारियों को लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने को कहा गया।
गोष्ठी के अंत में एसएसपी सूरज कुमार राय ने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, जनशिकायतों के समाधान और महिला संबंधी अपराधों में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

