मुजफ्फरनगर – जनपद में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खालापार पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 11 अवैध पिस्टल और तमंचे, 40 जिंदा कारतूस तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अवैध हथियार खरीदकर ऊंचे दामों पर बेचते थे।
पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर को खालापार पुलिस गहरा बाग मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अवैध हथियारों के कारोबार में शामिल तीन लोग मोटरसाइकिल से आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम शारडेन स्कूल के पीछे मोड़ पर पहुंची। कुछ देर बाद एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे वापस मुड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को पकड़ लिया।
**11 अवैध हथियार और 40 कारतूस बरामद**
पुलिस ने आरोपियों की तलाशी के दौरान .32 बोर की चार अवैध पिस्टल, .315 बोर के पांच तमंचे, 12 बोर का एक तमंचा और .32 बोर का एक तमंचा बरामद किया। इसके अलावा .32 बोर के 20, .315 बोर के 10 और 12 बोर के 10 जिंदा कारतूस भी मिले। हथियारों के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
**बिरालसी गांव के रहने वाले हैं तीनों आरोपी**
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित उर्फ लादेन पुत्र प्रदीप, वैभव उर्फ विशु पुत्र महक सिंह और आकाश उर्फ काला पुत्र कृष्णपाल उर्फ किशन लाल के रूप में हुई है। तीनों चरथावल थाना क्षेत्र के ग्राम बिरालसी के निवासी हैं।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अवैध हथियार खरीदकर ऊंचे दामों पर बेचते थे और इससे आर्थिक लाभ कमाते थे।
**अंकित और आकाश का आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस**
पुलिस के अनुसार, अंकित उर्फ लादेन के खिलाफ पूर्व में लूट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज रहे हैं। वहीं आकाश उर्फ काला के खिलाफ भी हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। वैभव उर्फ विशु का नाम फिलहाल इस मामले में दर्ज मुकदमे में सामने आया है।
इस संबंध में थाना खालापार में मुकदमा संख्या 177/2026 के तहत आयुध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा और थाना प्रभारी विजय कुमार के नेतृत्व में की गई।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप


