मुजफ्फरनगर – शहर के रामपुरी-शहबुद्दीनपुर-मिमलाना रोड क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मंत्री एवं मुजफ्फरनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कपिल देव के प्रयासों से क्षेत्र में नाला निर्माण एवं सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के निर्माण के लिए ₹24 करोड़ 96 लाख 15 हजार की परियोजना को शासन से स्वीकृति मिल गई है।
स्वीकृत परियोजना में ₹16 करोड़ 49 लाख 25 हजार नाला निर्माण तथा ₹8 करोड़ 46 लाख 90 हजार STP निर्माण पर खर्च किए जाएंगे। परियोजना नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर और व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
बताया गया कि रामपुरी, मिमलाना रोड और आसपास के क्षेत्रों में जल निकासी की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी। बरसात के दौरान जलभराव और गंदे पानी की निकासी को लेकर स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या को देखते हुए मंत्री कपिल देव ने शासन स्तर पर लगातार पैरवी की।
मंत्री कपिल देव ने प्रमुख सचिव नगर विकास पी. गुरु प्रसाद से मुलाकात कर क्षेत्र की जल निकासी समस्या से अवगत कराया था और नाला एवं STP निर्माण की आवश्यकता को शासन के समक्ष रखा था। इसके बाद शासन स्तर से परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई।
कपिल देव ने कहा कि क्षेत्रवासियों की समस्याओं का स्थायी समाधान कराना प्राथमिकता है। नाला एवं STP निर्माण से जल निकासी व्यवस्था मजबूत होने के साथ जलभराव की समस्या में कमी आने और स्वच्छता एवं पर्यावरण की स्थिति में सुधार की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। स्वीकृत परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए आगे की प्रक्रिया तेजी से पूरी कराई जाएगी।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप









