मुजफ्फरनगर – नवरात्रि पर्व के मद्देनजर आम जनमानस को गुणवत्तापरक एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले में अभियान चलाया गया। अभियान के तहत डेयरी प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए, जबकि 20 किलोग्राम घी को सीज किया गया।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के निर्देश तथा जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय अर्चना धीरान और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने तहसील सदर क्षेत्र में कार्रवाई की।
बहेड़ी में 20 किलो घी सीज
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ग्राम बहेड़ी स्थित मुर्सलीन के डेयरी प्रतिष्ठान से घी और मक्खन के एक-एक विधिक नमूने जांच के लिए संग्रहित किए। कार्रवाई के दौरान 20 किलोग्राम घी सीज किया गया।
रोहाना कलां में पांच खाद्य पदार्थों के नमूने
इसके बाद टीम ने ग्राम रोहाना कलां स्थित शेरखान की डेयरी पर कार्रवाई की। यहां से मिश्रित दूध, खोया, पनीर, घी और दही के एक-एक विधिक नमूने लिए गए। इन सभी नमूनों को नियमानुसार जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
विभाग के अनुसार सभी खाद्य नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि आम जनमानस को सुरक्षित एवं गुणवत्तापरक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मिलावट के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप सिंह, डॉ. विशाल चौधरी, डॉ. अश्विनी कुमार, सुनील कुमार, पूनम कुमारी और नेहा चौधरी मौजूद रहे।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप









