मुजफ्फरनगर। विद्युत चोरी रोकने के लिए विद्युत विभाग द्वारा 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र जिला अस्पताल के चिन्हित हाईलॉस फीडर लद्धावाला क्षेत्र में मॉर्निंग रेड की गई। विभागीय टीम ने जांच के दौरान 6 उपभोक्ताओं को मीटर की केबल में कट लगाकर अवैध रूप से बिजली का उपभोग करते हुए पकड़ा। इन मामलों में कुल 19 किलोवाट विद्युत भार की चोरी पाई गई।
इसके अलावा 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र महावीर चौक के अंतर्गत जाट कॉलोनी क्षेत्र में एक उपभोक्ता के परिसर पर मीटर टैम्पर्ड पाया गया।
विद्युत विभाग के अनुसार, सभी 7 मामलों में विद्युत अधिनियम-2003 की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए संबंधित उपभोक्ताओं के विरुद्ध एंटी पावर थैफ्ट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
कार्रवाई मुख्य अभियंता (वितरण) विनोद कुमार, अधीक्षण अभियंता सुधीर कुमार अग्रवाल एवं अधिशासी अभियंता कुलदीप सिंह के निर्देशन में सहायक अभियंता (रेड) अक्षय कुमार सिंह तथा अवर अभियंता (रेड) दिलीप यादव और अखिलेश कुमार सरोज की टीम द्वारा की गई।
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि बिजली चोरी जैसे दंडनीय अपराध से बचें और केवल अधिकृत कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें। विभाग ने समय से बिजली बिल का भुगतान करने की भी अपील की है।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप









