मुजफ्फरनगर – थाना रतनपुरी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने ग्राम अंबरपुर के जंगल में हुई प्रवीण उर्फ परविंदर की हत्या का खुलासा करते हुए पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पत्नी के प्रेम संबंधों में पति बाधक बन रहा था, जिसके चलते हत्या की साजिश रची गई।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा व दो खोखा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक, 27 सितंबर को ग्राम अंबरपुर के जंगल में प्रवीण उर्फ परविंदर की गोली मारकर हत्या की गई थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर थाना रतनपुरी और एसओजी की संयुक्त टीमें गठित की गई थीं।
पत्नी ने प्रेम संबंध में बाधा बनने पर हत्या की साजिश रचने की बात सामने आई
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार, मृतक की पत्नी रेखा के विकास के साथ प्रेम संबंध थे और दोनों शादी करना चाहते थे। पुलिस का कहना है कि प्रवीण को इन संबंधों की जानकारी हो गई थी और वह इसका विरोध कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, रेखा और विकास ने प्रवीण को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इसमें राजा उर्फ काला और कल्याण सिंह उर्फ कल्लू को भी शामिल किया गया। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद जमीन बेचकर रुपये देने की बात तय हुई थी।
आरोप है कि योजना के तहत राजा उर्फ काला ने नए सिम से प्रवीण को फोन कर अंबरपुर के जंगल में बुलाया। वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी और स्विफ्ट कार से फरार हो गए।
ये आरोपी गिरफ्तार
1. राजा उर्फ काला निवासी कसेरवा, थाना शाहपुर
2. कल्याण सिंह उर्फ कल्लू निवासी मोघपुर, थाना मंसूरपुर
3. विकास निवासी दूधाहेड़ी, थाना मंसूरपुर
4. रेखा पत्नी स्व. प्रवीण उर्फ परविंदर निवासी रायपुर नंगली, थाना रतनपुरी
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ रतनपुरी थाने में संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल अमरदीप









