मुजफ्फरनगर – थाना शाहपुर पुलिस ने ग्राम तावली रजवाहे के पास डेयरी के पीछे चल रही कथित अवैध शस्त्र निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 12 बने और 4 अधबने अवैध हथियार, बड़ी संख्या में कारतूस और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर की शाम हरसौली चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि तावली रजवाहे के पास कुछ लोग अवैध हथियार बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर दबिश देकर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया।
12 बने, 4 अधबने हथियार बरामद
बरामद हथियारों में 315 बोर के 6 तमंचे, 315 बोर के 2 डबल बैरल तमंचे, 12 बोर के 2 तमंचे, एक 12 बोर मस्कट और एक 12 बोर बंदूक शामिल हैं। इसके अलावा एक .32 बोर और तीन 315 बोर के अधबने तमंचे भी बरामद किए गए।
पुलिस ने 50 जिंदा कारतूस 315 बोर, 10 जिंदा कारतूस 12 बोर, 26 खोखा कारतूस, 24 बुलेट निब, गंधक-पोटास, हैमर-ट्रिगर समेत हथियार बनाने के पार्ट्स और उपकरण बरामद किए हैं। मौके से एक मोटरसाइकिल भी मिली है।
पूछताछ में काम का बंटवारा सामने आया
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मिलकर सुनसान स्थान पर अवैध हथियार और कारतूस तैयार करते थे। पुलिस का दावा है कि शाहनवाज और आबिद हथियारों की बिक्री, अरशद और खालिद कारतूस तैयार करने, इलियास खोखे बनाने तथा इदरीश उर्फ गुल्लू और कय्यूम तमंचे बनाने का काम करते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुल्लू उर्फ इदरीश, कय्यूम, शाहनवाज, आबिद, खालिद, अरशद और बाबू उर्फ इलियास के रूप में हुई है। पुलिस ने थाना शाहपुर में मु0अ0सं0 273/2026, धारा 5/25/35 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

थाना शाहपुर पुलिस टीम को 20 हजार रुपये का पुरस्कार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने कार्रवाई करने वाली थाना शाहपुर पुलिस टीम को 20,000 रुपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किया है।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल अमरदीप









