कुछ दिन पहले सहारनपुर के पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट में करोड़ों रुपये की नकली करेंसी मिलने के मामले ने बैंकिंग व्यवस्था में हड़कंप मचा दिया था। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाली और पूरे प्रकरण की जांच शुरू की थी। अब ऐसा ही एक ताजा मामला मेरठ से सामने आया है।
मेरठ के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मंगल पांडे नगर स्थित एक्सिस बैंक की मुख्य करेंसी चेस्ट में नियमित ऑडिट और नकदी के सत्यापन के दौरान बड़ी संख्या में नकली नोट मिले हैं। जांच के दौरान कुल 4 लाख 63 हजार 650 रुपये मूल्य के 1323 जाली नोट बरामद किए गए हैं।
जांच में कुछ ऐसे नोट भी मिले हैं, जिन्हें बीच से फाड़कर असली और नकली हिस्सों को जोड़कर तैयार किया गया था।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। करेंसी चेस्ट के प्रबंधक की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। चूंकि इस करेंसी चेस्ट से बड़ी संख्या में बैंक शाखाएं जुड़ी हुई हैं, इसलिए नकली नोटों के स्रोत का पता लगाने के लिए SWAT समेत तीन विशेष पुलिस टीमों को जांच में लगाया गया है।
इस पूरे मामले को लेकर एसपी सिटी मेरठ विनायक भोसले ने भी जानकारी दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट करेंसी चेस्ट तक कैसे पहुंचे और इनके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
गौरतलब है कि इसी एक्सिस बैंक की करेंसी चेस्ट में इससे पहले दिसंबर 2024 में भी करीब 2.37 लाख रुपये के नकली नोट बरामद हुए थे।
वहीं, कुछ दिन पहले सहारनपुर के सोफिया मार्केट स्थित पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट में भी करीब 17.29 करोड़ रुपये की नकली करेंसी मिलने का मामला सामने आया था। वहां जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बैंक से जुड़े एक कर्मचारी की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की थी।
लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने बैंक करेंसी चेस्ट में नकदी की जांच और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मेरठ पुलिस अब नकली करेंसी के स्रोत और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप









