मुजफ्फरनगर – थाना साइबर क्राइम पुलिस ने व्यापारियों को देश-विदेश में बड़े व्यापारिक ऑर्डर दिलाने और विदेशी खरीदार उपलब्ध कराने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ‘विजन ट्रेड इंडिया’ नामक वेबसाइट के माध्यम से कृषि उत्पाद, कपड़े एवं फैशन, ऑटोमोबाइल पार्ट्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर और रसायन समेत विभिन्न उत्पादों के व्यापार के लिए बड़े विदेशी ऑर्डर और खरीदार उपलब्ध कराने का दावा करते थे। इसके एवज में व्यापारियों से सब्सक्रिप्शन और सदस्यता शुल्क के नाम पर लाखों रुपये लिए जाते थे।
धनराशि लेने के बाद आरोपियों द्वारा व्यापारियों से GMP, ISO, ICE-UK सहित विभिन्न प्रमाण-पत्र एवं वेरिफिकेशन के नाम पर अतिरिक्त रकम जमा कराई जाती थी। जांच में इन प्रमाण-पत्रों के फर्जी होने की जानकारी सामने आई। रकम लेने के बाद आरोपियों द्वारा व्यापारियों को वास्तविक खरीदार या व्यापारिक सौदा उपलब्ध नहीं कराया जाता था और बाद में कॉल व व्हाट्सऐप संदेशों का जवाब देना बंद कर दिया जाता था।
गृह मंत्रालय के ‘प्रतिबिम्ब’ पोर्टल से मिली जानकारी और तकनीकी जांच के आधार पर साइबर क्राइम पुलिस ने गिरोह तक पहुंच बनाई। पुलिस की विस्तृत जांच में विभिन्न राज्यों से संबंधित 30 से अधिक साइबर अपराध की शिकायतों में करीब 1.50 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी सामने आई है। अन्य शिकायतों, मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की भी जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
1. विशाल सैनी, निवासी पारासौली, थाना बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर।
2. गौरव कुमार, निवासी पालमगांव, नई दिल्ली, मूल निवासी दरभंगा, बिहार।
3. शिवम कुमार, निवासी द्वारिका, नई दिल्ली, मूल निवासी दरभंगा, बिहार।
बरामदगी
– 3 मोबाइल फोन
– 1 पैन कार्ड
– कंपनी से संबंधित दस्तावेज
– ICE-UK के फर्जी प्रमाण-पत्र
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना साइबर क्राइम में मु0अ0सं0 35/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण तथा पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ और साइबर क्राइम थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में की गई।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल अमरदीप









