मुजफ्फरनगर, 22 सितंबर 2026। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवातिया के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मीनाक्षी चौक स्थित पल्स पैथोलॉजी एंड एक्स-रे का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पैथोलॉजी विभाग का पंजीकरण वैध पाया गया, लेकिन एक्स-रे संचालन के लिए आवश्यक रेडिएशन पंजीकरण उपलब्ध नहीं मिला।
निरीक्षण उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महक सिंह एवं डॉ. अजय कुमार द्वारा किया गया। टीम ने संस्थान में पैथोलॉजी और एक्स-रे सेवाओं से संबंधित अभिलेखों की जांच की। जांच में एक्स-रे रेडिएशन से संबंधित आवश्यक पंजीकरण एवं पूर्ण अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
इस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने केवल एक्स-रे यूनिट को सील कर दिया। पैथोलॉजी विभाग का पंजीकरण वैध पाए जाने के कारण उसकी सेवाओं को प्रभावित नहीं किया गया।
संस्थान के संचालक से स्पष्टीकरण तलब करते हुए दो दिन के भीतर एक्स-रे रेडिएशन का पंजीकरण और आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में अभिलेख एवं संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ डॉ. सुनील तेवातिया ने कहा कि जनपद में संचालित पैथोलॉजी एवं एक्स-रे केंद्रों में आवश्यक पंजीकरण और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए निरीक्षण एवं कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप









