मुजफ्फरनगर – खतौली ,भारतीय किसान यूनियन की एक महत्वपूर्ण बैठक खतौली तहसील परिसर में आयोजित हुई। बैठक में एनसीआर प्रभारी कपिल सोम मुख्य रूप से मौजूद रहे। अध्यक्षता रण सिंह ने की, जबकि संचालन भाकियू नेता सचिन चौधरी ने किया।
बैठक में किसानों, मजदूरों और आम जनता की विभिन्न समस्याओं के साथ थाना रतनपुरी क्षेत्र की लंबित शिकायतों पर भी चर्चा की गई। समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भाकियू ने 28 सितंबर 2026 से खतौली तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की घोषणा की।
समस्याओं के समाधान तक जारी रहेगा संघर्ष
एनसीआर प्रभारी कपिल सोम ने कहा कि किसानों और आम जनता की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन लगातार आवाज उठाती रही है। उन्होंने राजस्व मामलों, चकरोड एवं रास्तों की पैमाइश, जलभराव, फसल नुकसान, बिजली, नलकूप तथा अन्य जनसमस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
ब्लॉक अध्यक्ष ठाकुर सतेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि खतौली ब्लॉक के गांवों में किसानों और ग्रामीणों की कई समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। धरने में चकरोड एवं रास्तों की पैमाइश, राजस्व मामलों, जलभराव, फसल नुकसान, बिजली व नलकूपों की समस्याओं के साथ थाना रतनपुरी क्षेत्र में नलकूप चोरी और किसानों की लंबित शिकायतों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
रात्रि में रुकने वाले किसान जरूरी सामान साथ लाएं
भाकियू पदाधिकारियों ने धरने में शामिल होने वाले किसानों एवं कार्यकर्ताओं से पूरी तैयारी के साथ पहुंचने की अपील की है। रात्रि में धरने पर रुकने वाले किसान सोने के कपड़े, खाट, मच्छरदानी तथा दैनिक उपयोग का जरूरी सामान अपने साथ लेकर आएं।
इन मुद्दों को लेकर होगा आंदोलन
– किसानों की लंबित शिकायतों का समाधान
– चकरोड एवं रास्तों की पैमाइश
– अवैध कब्जों से संबंधित शिकायतें
– जलभराव एवं क्षतिग्रस्त रास्तों की समस्या
– बारिश से प्रभावित फसलों का मुआवजा
– बिजली एवं नलकूपों से जुड़ी समस्याएं
– नलकूप चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई
– राजस्व विभाग के लंबित मामलों का निस्तारण
– आधार कार्ड सहित ग्रामीण क्षेत्रों की अन्य जनसमस्याएं
– थाना रतनपुरी क्षेत्र की लंबित शिकायतें
– किसानों की पुलिस संबंधी समस्याओं का समाधान
बैठक में राजवीर सिंह गुर्जर, जुल्फिकार छोटा, गुड्डू चौधरी, दीपांकर चौहान, राहुल अहलावत, रंधोल राठी, बिट्टू ठाकुर, प्रभात सैनी, शाकिब खान, अंकित चंदेल, कयूम अंसारी, मुजम्मिल राणा, मनोज खानपुर, सन्नी ठाकुर, परवेज प्रधान, बिट्टू तिगाई, रवि, इरशाद भूरा, विकास नावला, गौरव शर्मा, चमन सिंह सहित बड़ी संख्या में भाकियू पदाधिकारी एवं किसान मौजूद रहे।
भाकियू ने किसानों, मजदूरों और संगठन के पदाधिकारियों से 28 सितंबर को अधिक से अधिक संख्या में खतौली तहसील पहुंचने की अपील की है।









