मुजफ्फरनगर – ऑपरेशन सवेरा “नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” के तहत थाना तितावी पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान एक मादक पदार्थ तस्कर को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।
पुलिस के अनुसार, 20/21 सितंबर की रात नहर पटरी, हैदरनगर बिजलीघर के पास मुकुंदपुर-शाहपुर मार्ग पर चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया। बाइक सवार लखान की ओर भागने लगा। पीछा करने पर बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और आरोपी बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगा। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नितिन पुत्र सोनवीर निवासी नूनाखेड़ा, थाना तितावी, स्थायी निवासी गूंगाखेड़ी, थाना रमाला, जनपद बागपत के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 20.575 किलोग्राम गांजा, एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने गांजा खरीदकर विभिन्न स्थानों पर सप्लाई करने की बात बताई है। पुलिस उसके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है।
आरोपी के खिलाफ थाना तितावी में मु0अ0सं0 217/26, धारा 109(1) बीएनएस, 3/25/27 शस्त्र अधिनियम और 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में मुजफ्फरनगर और बागपत के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।
यह कार्रवाई एसएसपी संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण तथा एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, सीओ फुगाना नरेंद्र सिंह यादव और थानाध्यक्ष तितावी जयवीर सिंह के नेतृत्व में की गई।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल अमरदीप









