मुजफ्फरनगर – शासन के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में विद्युत चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विद्युत विभाग की टीम ने शनिवार को चेकिंग अभियान चलाया। यह कार्रवाई मुख्य अभियंता (वितरण) विनोद कुमार गुप्ता और अधीक्षण अभियंता सुधीर कुमार अग्रवाल के निर्देशन/नेतृत्व में की गई।
विद्युत नगरीय वितरण मंडल मुजफ्फरनगर एवं विभागीय अधिकारियों के नेतृत्व में गठित टीम ने विद्युत नगरीय वितरण खंड (वाणिज्य-2), मुजफ्फरनगर के अंतर्गत सुजडू विद्युत उपकेंद्र से संबंधित हाईलॉस फीडर शामली रोड, खालापार क्षेत्र में सघन विद्युत चेकिंग अभियान चलाया। संबंधित फीडर का लाइन लॉस 40.08 प्रतिशत बताया गया है।
चेकिंग के दौरान कई उपभोक्ताओं द्वारा अवैध रूप से विद्युत का उपयोग करते हुए विद्युत चोरी करते पाए जाने की कार्रवाई सामने आई। जांच के दौरान 11 उपभोक्ताओं द्वारा मीटर के केबल में कट लगाकर अवैध रूप से विद्युत उपयोग किया जाना पाया गया। इन मामलों में कुल विद्युत भार करीब 19 किलोवाट पाया गया।
अभियान में सहायक अभियंता (रेड) अजय कुमार सिंह, अवर अभियंता (रेड) दिलीप यादव तथा अवर अभियंता (रेड) अखिलेश कुमार सरोज सहित विभागीय टीम शामिल रही।
विद्युत विभाग के अनुसार पकड़े गए सभी मामलों में विद्युत अधिनियम-2003 की सुसंगत धाराओं के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही संबंधित 11 उपभोक्ताओं के विरुद्ध एंटी पावर थेफ्ट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे विद्युत चोरी जैसे दंडनीय अपराध से बचें तथा केवल वैध कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्युत चोरी पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल अमरदीप









