मुजफ्फरनगर, 17 सितंबर 2026। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार, राजनीतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार सोमेंद्र तोमर की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विभागवार समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभियान के माध्यम से जनभागीदारी के साथ सेवा, सुशासन एवं जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया जाए। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र लाभार्थी सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे और योजनाओं का प्रभाव धरातल पर दिखाई दे।
बैठक में अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले 13 प्रमुख कार्यक्रमों की योजना वार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने प्रभारी मंत्री को बताया कि सभी संबंधित विभागों को तिथिवार कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए जा चुके हैं।
मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने बताया कि ‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की सफलता की कहानियां, फोटो एवं वीडियो संकलित कर उनका प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के अंतर्गत 17 सितंबर को शाम 7 बजे शुकतीर्थ सहित 11 स्थानों पर दीपदान किया जाएगा। वहीं ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं और ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा।
‘आंगन का उत्सव’ के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित कर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं को सम्मानित किया जाएगा तथा पोषण और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी जाएगी।

इसी प्रकार ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत स्वच्छता, वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर एवं श्रमदान जैसी गतिविधियों में जनभागीदारी बढ़ाई जाएगी। ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ के अंतर्गत विकासखंड स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर लगाकर पात्र नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। इसके साथ ही ‘सेवा ज्योति यात्रा’ सहित अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, नगर मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अनिरुद्ध प्रताप सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप









