मुजफ्फरनगर, 17 सितंबर। आशीर्वाद बैंकट हॉल, जानसठ रोड में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने श्रद्धालुओं को साइबर अपराध से बचाव और मिशन शक्ति अभियान के प्रति जागरूक किया।
उन्होंने फर्जी कॉल, व्हाट्सऐप मैसेज, संदिग्ध लिंक, ओटीपी, केवाईसी अपडेट, ऑनलाइन निवेश, डिजिटल अरेस्ट और सोशल मीडिया के जरिए होने वाली साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि अनजान व्यक्ति की भेजी APK फाइल या संदिग्ध एप डाउनलोड न करें और ओटीपी, यूपीआई पिन, सीवीवी, पासवर्ड व बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें।
मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि जनपद के सभी थानों में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित हैं, जहां महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकारों और सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
इस दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी भी दी गई। पुलिस अधीक्षक अपराध ने श्रद्धालुओं से स्वयं जागरूक रहने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराध एवं महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल अमरदीप









