[aioseo_breadcrumbs]

जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर डीएम की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Share This Article

मुजफ्फरनगर, 03 सितंबर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण ‘जनसंख्या गणना’ की तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी और शुद्धता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।

डीएम ने तहसीलदारों एवं नगर पालिकाओं के अधिशासी अधिकारियों को एक सप्ताह में सुपरवाइजर, प्रगणक एवं अन्य कार्मिकों की सही सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संभव हो तो संबंधित क्षेत्र में कार्यरत और पूर्व में जनगणना का अनुभव रखने वाले कार्मिकों को ही जिम्मेदारी दी जाए तथा अपने स्तर पर बैठक कर सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर लें।

उन्होंने अधिकारियों से जनगणना-2027 के दिशा-निर्देशों को अच्छी तरह पढ़कर समझने को कहा, ताकि गणना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

प्रशिक्षण केंद्रों की व्यवस्थाओं पर भी डीएम ने विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण शुरू होने से पहले स्थल का निरीक्षण कर लाइट, प्रोजेक्टर, स्विच बोर्ड, शौचालय, पेयजल और साफ-सफाई जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं। प्रशिक्षण में शामिल कार्मिकों के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन की व्यवस्था के भी निर्देश दिए गए।

डीएम ने कहा कि सुपरवाइजर और प्रगणक जनगणना कार्य की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्हें अपने क्षेत्र, गणना प्रक्रिया और डिजिटल माध्यम से आंकड़े दर्ज करने की पूरी जानकारी होनी चाहिए। तकनीकी उपकरण, इंटरनेट कनेक्टिविटी और अन्य व्यवस्थाओं का पूर्व परीक्षण भी करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश की सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय स्थिति को समझने तथा भविष्य की विकास योजनाओं और कल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी अनिरुद्ध प्रताप सिंह, तहसीलदार सदर, नगर पालिकाओं के अधिशासी अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, एबीएसए, जिला पंचायत राज अधिकारी, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप

Gold and Silver price

मौसम की जानकारी

Advertisement

Gold and Silver price

मौसम की जानकारी

Live Poll

[democracy id="1"]

Also Read This