मुजफ्फरनगर। चरथावल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दूधली स्थित ऐतिहासिक एवं प्राचीन जाहरवीर गोगा म्हाड़ी पर तीन दिवसीय विशाल मेले का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने जाहरवीर गोगा जी की म्हाड़ी पर विधिवत दर्शन एवं पूजन कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली, उत्तम स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि दूधली की ऐतिहासिक गोगा म्हाड़ी केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की समृद्ध लोकपरंपरा, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है। सैकड़ों वर्षों से चली आ रही मेले की परंपरा आज भी श्रद्धा और विश्वास के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है। ऐसे आयोजन हमारी प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि जाहरवीर गोगा जी के प्रति श्रद्धा केवल मुजफ्फरनगर तक सीमित नहीं है। मेले में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड और राजस्थान सहित कई राज्यों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालु म्हाड़ी पर प्रसाद चढ़ाकर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति तथा परिवार और समाज की सुख-शांति की कामना करते हैं।
करीब पांच सौ वर्ष पुराना बताया जाता है गोगा म्हाड़ी का इतिहास
ग्रामीणों के अनुसार ग्राम दूधली स्थित गोगा म्हाड़ी का इतिहास करीब पांच सौ वर्ष पुराना है। इससे जुड़ी लोकमान्यता और जनश्रुतियां आज भी क्षेत्र में श्रद्धा के साथ सुनाई जाती हैं।
बताया जाता है कि दूधली के मजरे आलमगीरपुर निवासी एक किसान की मनोकामना पूर्ण होने पर उसने अपने घोड़े के नीले रंग के बछेरे को जाहरवीर गोगा जी को अर्पित करने का संकल्प लिया था। किसान अपने संकल्प को पूरा करने के लिए उस बछेरे को लेकर पैदल राजस्थान स्थित बागड़ धाम पहुंचा और वहां उसे जाहरवीर गोगा जी को अर्पित किया।
इसी लोकआस्था और मान्यता से जुड़ी परंपरा के कारण दूधली की गोगा म्हाड़ी आज भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र बनी हुई है। प्रत्येक वर्ष आयोजित होने वाला यह मेला आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ दूर-दराज के राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को भी आकर्षित करता है।
श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर रहा विशेष जोर
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं आयोजकों को श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और मेले में आने वाला प्रत्येक व्यक्ति सुरक्षित एवं सुखद वातावरण में दर्शन कर सके, इसे प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

इस अवसर पर सदस्य महिला आयोग सपना कश्यप, बिरालसी मंडल अध्यक्ष प्रवीण राणा, चरथावल मंडल अध्यक्ष भोपाल सिंह, जिला मंत्री सुरेंद्र कश्यप, सुभाष चौहान, रामभूल पुंडीर, ग्राम प्रधान शोभित पुंडीर, बिरजपाल सिंह, जिला उपाध्यक्ष विशाल गर्ग, दिवाकर सोलंकी, मुकेश सोम, प्रतीक शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, गणमान्यजन एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
मेले के शुभारंभ के अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। जयकारों और श्रद्धा के वातावरण के बीच बड़ी संख्या में लोगों ने जाहरवीर गोगा जी की म्हाड़ी पर दर्शन कर प्रसाद चढ़ाया और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप









