मुजफ्फरनगर – जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (Population Enumeration) को सुचारू, व्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए एस.डी. पब्लिक स्कूल, भोपा रोड पर आयोजित तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।
प्रशिक्षण के अंतिम दिन नवागंतुक अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने प्रशिक्षण स्थल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मास्टर ट्रेनर्स और प्रशिक्षणार्थियों से संवाद किया। उन्होंने जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य को पूरी गंभीरता और सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।
ADM ने फील्ड स्तर पर आंकड़ों की शुद्धता, डिजिटल तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल, कार्यप्रणाली में एकरूपता और विभिन्न स्तरों पर बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स ने फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना की कार्यप्रणाली, प्रश्नावली भरने, डिजिटल सॉफ्टवेयर एवं पोर्टल के संचालन तथा जमीनी स्तर पर आने वाली चुनौतियों से निपटने की जानकारी दी। प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स अब तहसील स्तर पर प्रगणकों और सुपरवाइजर्स को प्रशिक्षण देंगे।
कार्यक्रम में नगर मजिस्ट्रेट, जनगणना निदेशालय से नामित जनपद प्रभारी, संबंधित चार्ज अधिकारी, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर, जनगणना सहायक और संस्थान के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप









