मुजफ्फरनगर – बघरा स्थित बिजलीघर के निकट योग साधना यशवीर आश्रम का 24वां वार्षिक उत्सव बुधवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर 51 किलो शुद्ध देसी घी से संकट मोचन महायज्ञ तथा विराट हिन्दू महासम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
महायज्ञ में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने आहुतियां दीं। इसके बाद आयोजित महासम्मेलन में वक्ताओं ने सनातन धर्म, संस्कृति, सामाजिक एकता और राष्ट्रहित के विषयों पर अपने विचार रखे।
स्वामी यशवीर महाराज ने हिन्दू समाज से जागरूक, संगठित और एकजुट रहने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि धर्म जागरण के अखिल भारतीय समन्वय प्रमुख शरद ढोले ने सनातन सिद्धांतों पर चलने तथा धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर दिया।
मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र संपर्क प्रमुख हरीश रौतेला ने भारत की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए समाज से जागरूक होकर राष्ट्रहित में आगे आने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि मुकेश खांडेकर और गोपाल जी ने भी संबोधित किया।

सम्मेलन का संचालन ब्रह्मचारी मृगेन्द्र आचार्य ने किया। कार्यक्रम में विभाग प्रचारक भूपेन्द्र जी, जिला प्रचारक टीकम जी, पूर्व विधायक तेजेन्द्र निर्वाल, पूर्व विधायक विक्रम सैनी, पूर्व विधायक उमेश मलिक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
आयोजन के दौरान सनातन संस्कृति, सामाजिक एकता और संगठन के साथ राष्ट्रहित में जागरूकता का संदेश प्रमुखता से दिया गया।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप









