मुजफ्फरनगर – थाना मंसूरपुर क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की के लापता होने के मामले को लेकर बघरा आश्रम में स्वामी यशवीर महाराज से एससी समाज के कुछ लोगों ने मुलाकात की। परिजनों ने आरोप लगाया कि 25 सितंबर की रात गांव संधावली निवासी एक युवक नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
परिजनों ने आशंका जताई कि नाबालिग का धर्मांतरण कराकर आरोपी युवक से निकाह कराया जा सकता है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और नाबालिग को जल्द बरामद करने की मांग की है।
स्वामी यशवीर महाराज ने मुजफ्फरनगर पुलिस कप्तान संजय वर्मा से मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम गठित कर नाबालिग की शीघ्र बरामदगी कराने तथा आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की।
उन्होंने कहा कि यदि नाबालिग की जल्द बरामदगी नहीं होती है तो पीड़ित परिवार के साथ संधावली में धरना देने का निर्णय लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नाबालिगों को बहला-फुसलाकर ले जाने और कथित धर्मांतरण जैसे मामलों की जांच गंभीरता से की जानी चाहिए।
स्वामी यशवीर महाराज ने पुलिस से पूरे मामले में त्वरित कार्रवाई और नाबालिग की सुरक्षित बरामदगी की मांग की है।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल अमरदीप









