मुजफ्फरनगर, 28 सितंबर – मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमलकिशोर देशभूषण की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला पोषण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक में आंगनवाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं और विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई। सीडीओ ने सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों एवं प्रभारियों को खंड विकास अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आंगनवाड़ी केंद्रों पर कायाकल्प के 18 बिंदुओं को संतृप्त कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कायाकल्प की प्रगति की समीक्षा के लिए प्रत्येक 15 दिन में बीडीओ एवं बाल विकास परियोजना अधिकारियों के साथ बैठक कराने को कहा। आंगनवाड़ी केंद्रों पर नैफेड द्वारा पोषाहार की समय से आपूर्ति नहीं किए जाने पर संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजने के निर्देश भी दिए गए।
सीडीओ ने सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों एवं मुख्य सेविकाओं को प्रत्येक माह आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर रिपोर्ट जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के आवेदन के लिए आवश्यक एमसीपी कार्ड उपलब्ध न होने पर मुख्य चिकित्साधिकारी को तत्काल कार्ड प्रिंट कराकर एएनएम को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त एनआरएलएम, मुख्य चिकित्साधिकारी के प्रतिनिधि, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी/प्रभारी एवं मुख्य सेविकाएं मौजूद रहीं।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल अमरदीप









