मुजफ्फरनगर – थाना कोतवाली नगर पुलिस ने पिन्ना गांव के पास शामली रोड पर हुई सुभाष हत्याकांड का खुलासा करते हुए एक नामजद वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी बन्टी उर्फ राहुल को लकड़संधा फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को ग्राम पिन्ना के पास शामली रोड पर ग्राम किनौनी निवासी करीब 50 वर्षीय सुभाष पुत्र रणवीर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी संजय कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटना के अनावरण के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली नगर में पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा संख्या 402/2026 धारा 191(2), 191(3), 109(1), 103(1) और 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
गठित टीमों ने कार्रवाई करते हुए बन्टी उर्फ राहुल पुत्र उधल उर्फ उदयवीर, निवासी ग्राम किनौनी, थाना शाहपुर, उम्र करीब 40 वर्ष को 16 सितंबर को लकड़संधा फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
प्रेम प्रसंग के बाद दोनों परिवारों में चल रही थी रंजिश
पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पूर्व ग्राम किनौनी का एक युवक और युवती प्रेम प्रसंग के चलते घर से चले गए थे। दोनों एक ही जाति के बताए गए हैं। पुलिस ने युवती को बरामद कर लिया था, जबकि युवक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई थी।
पुलिस का कहना है कि इसी घटना को लेकर दोनों परिवारों के बीच रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते 15 सितंबर को युवती पक्ष द्वारा युवक के पिता सुभाष की गोली मारकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस गिरफ्तार आरोपी के संबंध में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। वहीं, मामले में वांछित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपी के विस्तृत आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप









