मुजफ्फरनगर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर मंगलवार को विकास भवन, मुजफ्फरनगर में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने प्रशासनिक अधिकारियों एवं भाजपा पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक में प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को ‘सेवा, समर्पण एवं जनकल्याण’ की भावना के साथ व्यापक जनभागीदारी से मनाने की तैयारियों की समीक्षा की गई। मंत्री ने कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं एवं क्रियान्वयन की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों और पार्टी पदाधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जीवन राष्ट्रसेवा, गरीब कल्याण और जनहित के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उनके जन्मदिवस को केवल उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि विभिन्न सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचने के संकल्प के रूप में मनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जन्मदिवस के अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रत्येक कार्यक्रम में सेवा और जनकल्याण की भावना प्रमुखता से दिखाई दे। कार्यक्रमों को गरिमापूर्ण, अनुशासित और प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए संगठन एवं प्रशासन आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में संबंधित प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदुस्तान लाइव टुडे
डिजिटल न्यूज़ चैनल
अमरदीप









